मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी की कासगंज जेल से रिहाई हो गई है। उमर अंसारी को हाईकोर्ट ने गैंगस्टर एक्ट में जब्त जमीन को छुड़ाने के लिए अपनी मां के फर्जी हस्ताक्षर करने के मामले में पिछले दिनों जमानत दी थी। मंगलवार की शाम 7 बजकर 4 मिनट पर उमर अंसारी को कासगंज जेल से रिहा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसे लेने के लिए विधायक भाई अब्बास अंसारी और भाभी कासगंज आए थे।
उमर अंसारी पर गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उमर ने गैंगस्टर एक्ट में जब्त परिवार की जमीन को कोर्ट से छुड़ाने के लिए फर्जी दस्तावेज और मां के हस्ताक्षर किए थे। पुलिस ने उमर को 4 अगस्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। 23 अगस्त को सुरक्षा कारणों से उसे गाजीपुर की जेल से कासगंज की पचलाना जेल में शिफ्ट किया गया था।