कासगंज। अमांपुर क्षेत्र के गांव सरसैट में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में युवा कल्याण विभाग ने बड़ा कदम उठाया गया है। यहां करीब 9.23 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। निर्माण कार्य करीब एक माह पूर्व शुरू हुआ है।
युवा कल्याण अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग ने बताया कि गांव सरसैट में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य एक माह पूर्व शुरू हुआ है। इस स्टोडियम में मल्टीपरपज हॉल, 400 मीटर का रनिंग ट्रैक, वालीबॉल कोर्ट समेत कई खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के बैठने, प्रशिक्षण,चेजिंग रूम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर खेल परिसर विकसित होने से युवाओं में उत्साह है। अमांपुर के एथलेटिक खिलाड़ी ह्रदेश यादव ने बताया कि अब तक क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और संसाधन उपलब्ध नहीं थे। खिलाड़ियों को जिला मुख्यालय या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं को बढ़ावा मिलेगा।
अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के युवाओं ने मिनी स्टेडियम बनवाने की पूर्व में मांग की थी। 9.23 करोड़ रुपये की लागत से एक साल में स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और आयोजनों का भी आयोजन किया जा सकेगा। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।