विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में भीषण आग, स्टाफ व लोगों ने भागकर बचाई जान
कासगंज। नदरई गेट बाजार में एसबी प्लाजा के सेकंड फ्लोर स्थित विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में बुधवार सुबह 11:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फायर अलार्म बजते ही स्टाफ सहित प्लाजा में मौजूद सभी लोग भागकर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें उठने लगीं।
प्रशासन ने तत्काल आसपास के मकान और दुकानें खाली करा दीं। 300 मीटर दूर तक धुआं फैलने से लोग घुटन, खांसी और आंखों में जलन की समस्या से परेशान हो गए। पांच जिलों से पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने साढ़े सात घंटे की मशक्कत के बाद शाम सात बजे आग पर काबू पा लिया। हालांकि, धुएं का गुबार रात तक उठता रहा।
वेयरहाउस में जब आग लगी तो वहां तीन कर्मचारी और एक गार्ड मौजूद थे। धुआं उठने पर फायर अलार्म बजा, तो खलबली मच गई। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। आग ने विकराल रूप ले लिया। इस पर कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर भागे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। प्लाजा के अन्य लोग भी समय रहते बाहर निकल आए।
दमकल की टीम पहले प्लाजा में आगे की ओर से ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ दाखिल हुई लेकिन अंदर आग की लपटें तेज होने पर पीछे की दीवार काटकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह समेत अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य के लिए आसपास के पांच जिलों से दमकल की 12 गाड़ियों को बुलाया गया।
बाजार में जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया। आसपास की दुकानें भी बंद करा दी गईं और मकानों को खाली करा लिया गया। हादसे में करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, सही आकलन आग के पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही हो सकेगा।
वर्जन
विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क गई थी। समय रहते काम करने वाले स्टाफ को सुरक्षित निकाल लिया गया। दमकल टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। पड़ोसी जिलों से दमकल वाहनों को मंगवाकर आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है।
- प्रणय सिंह, डीएम, कासगंज
फोटो 12 - विशाल मेगा मार्ट में आग लगने के बाद बैरीकेड लगवाकर वाहनों को रोकते यातायात पुलिस । स
फोटो 12 - विशाल मेगा मार्ट में आग लगने के बाद बैरीकेड लगवाकर वाहनों को रोकते यातायात पुलिस । स
फोटो 12 - विशाल मेगा मार्ट में आग लगने के बाद बैरीकेड लगवाकर वाहनों को रोकते यातायात पुलिस । स
फोटो 12 - विशाल मेगा मार्ट में आग लगने के बाद बैरीकेड लगवाकर वाहनों को रोकते यातायात पुलिस । स