कासगंज। नए शैक्षिक सत्र में विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से मानसिक सहारा मिल रहा है। शिक्षा विभाग का मनोदर्पण एप छात्रों को तनाव से उबारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में प्रभावी साबित हो रहा है। शिक्षा विभाग ने छात्रों की मानसिक सेहत को प्राथमिकता देते हुए इस एप को सशक्त माध्यम बनाया है।
इस एप के जरिए छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं गोपनीय तरीके से विशेषज्ञ काउंसलर्स तक पहुंचा सकते हैं। इससे उन्हें अपनी चिंताओं को साझा करने का सुरक्षित मंच मिलता है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला के अनुसार, इस बार शैक्षिक कैलेंडर में मनोदर्पण एप को विशेष महत्व दिया गया है। विद्यालयों के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों का पंजीकरण कराया जा रहा है ताकि वे इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
परीक्षा में सहायक, देगा सही मार्गदर्शन
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा नजदीक आने पर छात्रों में आत्मविश्वास की कमी और तनाव बढ़ना स्वाभाविक है। सही मार्गदर्शन मिलने पर वे इन परिस्थितियों से आसानी से उबर सकते हैं। यह एप शैक्षणिक समस्याओं के साथ व्यक्तिगत और मानसिक परेशानियों के समाधान में भी मददगार है। विद्यार्थियों से इस प्लेटफॉर्म का बिना संकोच उपयोग करने की अपील की है। उनका मानना है कि मानसिक रूप से मजबूत छात्र ही बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।