राजस्थान जयपुर से अगवा कर लाई किशोरी से सहावर के एक युवक ने जबरन निकाह कर लिया। उसने किशोरी के अश्लील फोटो खींच लिए और फोटो को किशोरी को भेजकर वायरल करने की धमकी देते हुए चार लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने किशोरी की मां की तरफ दिए गए तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। उधर घटना की जानकारी होने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
सहावर के मोहल्ला पजाया निवासी छोटे खां नामक युवक जयपुर में हेयर कटिंग का कार्य करता था। उसने अपना नाम बदलकर छोटेलाल रख लिया। इस बीच एक किशोरी की जान पहचान उसकी हो गई। शादी का झांसा देकर वह सात माह पहले उसे वहां से बहला फुसलाकर अगवा कर सहावर ले आया। आरोप है कि जहां उसने किशोरी से जबरन निकाह कर लिया। निकाह के दौरान किशोरी को उसके दूसरे समुदाय से जुड़े होने की जानकारी हुई। इसी बीच उसे किशोरी के गर्भवती होने का पता चला तो उसने किशोरी के अश्लील फोटो भी तैयार कर लिए और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और चार लाख रुपये लेकर आने को कहा।
साथ ही धमकी दी कि यदि रुपये नहीं लाकर दिए तो उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। किसी तरह भागकर किशोरी अपने घर जयपुर पहुंची। उसने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। किशोरी अपनी मां के साथ युवक के घर पर पहुंची तो गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। किशोरी की मां ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश दी, लेकिन घर पर कोई नहीं मिला। उधर, जब इस बात की जानकारी होने पर बजरंगदल नगर संयोजक अर्जुन बाल्मीकि, प्रखंड संयोजक राज दिवाकर, पारस साहू, विजय अमित प्रिंस श्रीवास्तव, संयोजक अंबरीश वशिष्ठ आदि कोतवाली पहुंचे। और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल कराया जा रहा है। यदि पीड़िता नाबालिग निकलती है तो पॉस्को एक्ट भी बढ़ाया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर अन्य धाराएं भी लगाई जाएंगी। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
-अनिल कुमार, कोतवाली प्रभारी