पटियाली। कांशीराम कॉलोनी स्थित विद्युत सब डिवीजन पर बुधवार को उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अधीक्षण अभियंता ने विद्युत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता नंद किशोर ने बताया कि स्मार्ट मीटर आईएसआई से प्रमाणित है, जिसे सफलता पूर्वक परीक्षण के बाद निर्गत किया है। यह मीटर रियल टाइम में भुगतान और खपत का विवरण प्रदान करने में सक्षम है और प्रीपेड मोड में भी कार्य करता है, जिसे मोबाइल फोन की तरह रिचार्ज किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में यदि सोलर प्रणाली लगाई जाती है, तो मीटर बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अधिशासी अभियंता पीयूष कुमार ने बताया कि अब बिजली जुड़वाने के लिए बिजली घर का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। यह मीटर रिचार्ज करने पर स्वत: एक घंटे के भीतर चालू हो जाता है। असुविधा होने पर उपभोक्ता 1912 हेल्प-डेस्क पर 24 घंटे सहायता प्राप्त कर सकते हैं। एसडीओ राकेश सिंह ने कहा कि उपभोक्ता अपने मोबाइल में यूपीसीएल स्मार्ट ऐप अवश्य डाउनलोड करें। इस मौके पर अवर अभियंता नीरज गौड़, शिव कुमार, राजेश कुमार, आदेश कुमार, राहुल सिंह, बृजेश उपस्थित रहे।