फोटो13कासगंज में नवागत सीएमओ डॉ.अजय कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत करतीं प्रभारी सीएमओ
- फोटो : credit
कासगंज। जिले के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के रूप में डॉ. अजय कुमार ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया। यह पद करीब एक माह से रिक्त चल रहा था। उनकी नियुक्ति से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
डॉ. अजय कुमार इससे पहले एसएसएमजे चिकित्सालय खुर्जा में वरिष्ठ परामर्शदाता के रूप में कार्यरत थे। जिला मुख्यालय पहुंचने पर प्रभारी सीएमओ बीला रानी ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा। पूर्व सीएमओ राजीव अग्रवाल 31 मई को सेवानिवृत्त हुए थे। इस दौरान प्रभारी व्यवस्था के तहत विभागीय कार्यों का संचालन किया जा रहा था। पदभार ग्रहण करने के बाद स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और कार्यालय के कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कर्मचारियों ने उनसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जताई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान अशोक नगर स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक एएन चौहान सहित अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।