फोटो17कासगंज में संचारी रोग की रोकथाम के लिए जागरूकता रैली को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना करते सदर
कासगंज। बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिले में एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की बुधवार से शुरुआत हो गई। सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य, नगर विकास, आईसीडीएस, डब्ल्यूएचओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकाय और पंचायत विभाग को नियमित साफ-सफाई, जलभराव समाप्त कराने, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग कराने पर विशेष जोर देने को कहा। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रीकांत ने लोगों से अपील की कि बुखार होने पर झोलाछाप के पास जाने के बजाय नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
घर और आसपास पानी जमा नहीं होने दें
पानी की टंकियों को ढककर रखें
मच्छरदानी का प्रयोग करें
पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें
बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं
रिपोर्ट मनोज माहेश्वरी