कासगंज। बरेली-आगरा हाईवे पर रविवार की देर रात कछला घाट से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक उनके ही जत्थे में चल रहे पिकअप वाहन से अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र के 4-5 गांवों से 32 कांवड़ियों का एक जत्था रविवार को गंगाजल लेने के लिए कछला गंगाघाट पहुंचा था। इस जत्थे में एक पिकअप वाहन, पांच मोटरसाइकिलें और स्कूटी शामिल थीं। जल भरकर जब यह जत्था वापस लौट रहा था, तभी बरेली-आगरा हाईवे पर गोरहा के पास कांवड़ियों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रही अपनी ही पिकअप से जा टकराई।
बाइक पर सवार आगरा के थाना खेड़ा राठौर अंतर्गत गांव खोहरी निवासी अभिषेक (19) पुत्र उमाशंकर, थाना बाह के गांव शंकरपुर निवासी मनीष (20) पुत्र विनोद, और झाऊलालपुरा निवासी राहुल (29) पुत्र रामबरन सवार थे। दुर्घटना में बाइक चला रहे मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों के साथ जत्थे में शामिल अन्य कांवड़िए भी तुरंत एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजन को फोन पर इस दुखद घटना की सूचना दी।
मृतक के तहेरे भाई विमल सिंह ने बताया कि मनीष रविवार सुबह 10 बजे घर से गंगाजल लेने की बात कहकर निकला था। वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और हलवाई का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इकलौते सहारे की मौत के बाद उसकी मां शीला देवी और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फोटो21-कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर खड़े मृतक कांवड़िया मनीष के परिजन। संवाद