फोटो 45 - थाना ढोलना के गांव पथरेकी में आग की सूचना पर पहुंची पुलिस। स्रोत: संवाद
कासगंज। थाना ढोलना क्षेत्र के गांव पथरेकी में शुक्रवार की रात एक सिरफिरे युवक ने शराब के नशे में अपने ही घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ढोलना थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि बिलराम चौकी क्षेत्र के गांव पथरेकी में एक घर में आग लग गई है। सूचना पाकर थाना ढोलना से पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच में पाया कि गांव के रहने वाले ओमकार पुत्र शांति स्वरूप ने अत्यधिक शराब के नशे में घर के अंदर रखे बक्से और कपड़ों में आग लगा दी थी। आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया। युवक ने शराब के नशे में घर में आग लगा दी थी।