कासगंज। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने शनिवार को लहरा घाट व कांवड़ रूट का किया भ्रमण कर सुरक्षा आदि के बारे में निर्देश दिए एवं तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट परिसर में लगे हैंडपंप को स्वयं चलाकर उसकी कार्यशीलता परखी और अधिशासी अधिकारी को हैंडपंप के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट परिसर में किसी भी प्रकार की गंदगी या फिसलन नहीं होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
उन्होंने सोरोंजी से लहरा घाट तक संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे। साथ ही लहरा घाट क्षेत्र में निराश्रित पशुओं का विचरण रोकने को कहा। निरीक्षण के दौरान लगाए गए वॉच टावर की उपयोगिता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ यात्रा व्यवस्था में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान आ सकने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लहरा घाट पहुंचे कांवड़ियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह रहेगें इंतजाम-
- घाट पर पुलिस बल, पीएसी और गोताखोरों की तैनाती रहेगी।
- मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रहेगी।
- गंगास्नान के लिए निर्धारित क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर चिह्नित किया जाएगा।
- घाट पर अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय की सुविधा रहेगी।
- कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुगम रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।