कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र के गांव मानपुर नगरिया में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर पुलिस ने एक ही परिवार के चार सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित सुशील (22) पुत्र शैलेंद्र ने अदालत को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 4 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1:15 बजे पुरानी रंजिश के कारण गांव के ही चार भाई—कमल, धर्मवीर, अर्जुन और राजेंद्र ने एकराय होकर लाठी-डंडे, सरिया, लोहे की रॉड और चाकू लेकर उनके घर में घुस आए और हमला बोल दिया।
आरोप है कि हमलावर कमल ने अपनी जेब से चाकू निकालकर सुशील के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। चीख-पुकार सुनकर जब उनका छोटा भाई सुरजीत बीच-बचाव करने आया, तो कमल ने उस पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया था। पीड़ित का आरोप है कि सोरोंजी थाना पुलिस ने मेडिकल कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री डाक से शिकायत भेजने पर भी जब न्याय नहीं मिला, तब पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।