कासगंज। अमांपुर रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी परिसर में सुविधाओं के अभाव और बदइंतजामी के कारण किसान और व्यापारी खासे परेशान हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी यहां हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
परिसर में पेयजल के लिए लगाए गए हैंडपंप और वाटर कूलर बंद पड़े हैं जिससे दूरदराज से आने वाले लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। वहीं, वाटर हाइडेंट की टंकियां उपयोग न होने के कारण बंद हैं और उनकी देखरेख न होने से आसपास पौधे तक उग आए हैं।
किसानों व वाहन चालकों के आराम के लिए बनाए गए विश्राम कक्षों पर हमेशा ताले लटके रहते हैं। गल्ला कारोबारियों गुरुवेंद्र सिंह आर्य, राजेश कुमार, डोरीलाल और प्रवीण शारदा का कहना है कि परिसर में नियमित सफाई न होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर और चोक नाले बदबू फैला रहे हैं।
लाखों की लागत से बना सामुदायिक शौचालय भी समय से संचालित नहीं होता जिससे महिलाओं और आगंतुकों को भारी असुविधा होती है। इसके अलावा, मंडी की मुख्य सड़क भी जर्जर हो चुकी है।
-
क्या बोले किसान
-मंडी में हैंडपंप और वाटर कूलर खराब होने से पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। अधिकारियों को पेयजल की व्यवस्था ठीक करानी चाहिए। -महीपाल, किसान बांस का नगला अमांपुर
- मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी पड़ी है और नालियां चोक हैं। शौचालय भी नियमित नहीं खुलता। इससे काफी परेशानी होती है। - भुवनेश कुमार, किसान गांव कादरवाडी सोरोंजी
- मंडी में किसानों के आराम के लिए विश्राम कक्ष बनाए गए हैं लेकिन वे बंद रहते हैं। दूरदराज से आने वाले किसानों को बैठने तक की सुविधा नहीं मिलती। - भागीरथ, किसान तोलकपुर सोरोंजी
वर्जन :
परिसर में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं और प्रतिदिन साफ-सफाई कराई जाती है। किसानों की मांग पर विश्राम कक्ष खुलवाए जाते हैं और हैंडपंप खराब होने की शिकायत मिलते ही उसे ठीक करा दिया गया है। - सुमन भारती, सचिव, कृषि उत्पादन मंडी समिति