रामविलास पर अश्लीलता फैलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार नगला पल्टू निवासी रामविलास (60) पर ग्रामीणों ने गांव की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने और अश्लील गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है, जिसमें बुजुर्ग कथित तौर पर गांव की लड़कियों व महिलाओं को उनके प्रेमियों से मिलवाने की बात स्वीकार कर रहा है। इसी बात से आक्रोशित होकर सोमवार सुबह गांव के ही गौरव, जयसिंह, राजेश समेत छह लोगों ने बुजुर्ग को घर से खींच लिया और उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया।
बुजुर्ग के कपड़े फाड़े और डंडे बरसाए
आरोप है कि हमलावरों ने बुजुर्ग के कपड़े फाड़ दिए और महिलाओं ने उन पर डंडे बरसाए। वहीं, कुछ लोग बुजुर्ग का सिर पेड़ से टकराते रहे। इसके बाद गांव में घुमाते हुए उसकी पिटाई की। इस अमानवीय कृत्य के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई भी बुजुर्ग को बचाने आगे नहीं आया और लोग मूकदर्शक बने रहे। घटना की जानकारी मिलते ही सोरोंजी कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग को मुक्त कराया और मौके से ही तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तीन को हिरासत में लिया
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़ित बुजुर्ग की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कानून को हाथ में लेने और अमानवीय व्यवहार करने के आरोप में तीन आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया गया है। वायरल वीडियो और ऑडियो दोनों की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - सीओ सदर, आंचल चौहान
'कई लड़कियों को उनके प्रेमियों से खेतों में मिलवाया है'
आरोपियों ने इस दौरान बुजुर्ग पर गांव में अश्लील गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि एक वायरल ऑडियो में बुजुर्ग गांव की एक नवविवाहिता से बातचीत करते हुए कह रहा है कि उसने गांव की कई लड़कियों को उनके प्रेमियों से खेतों में मिलवाया है। वह उसकी भी मुलाकात करा देगा। इसमें कई महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी भी कीं। इसे लेकर गांव में आक्रोश हैं।
घटना का वीडियो वायरल
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी होने पर सोरोंजी कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि मामले में बुजुर्ग की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अमानवीय व्यवहार करने पर तीन आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया गया है।