फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: घर में थी पत्नी-बेटे की लाश, ठेके पर पहुंचा शराबी पति, महिलाओं ने की तोड़फोड़; सुनील के कारण ही दी थी जान

Mon, 22 Jun 2026 03:20 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, कासगंज

सार

कासगंज में शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने नौ वर्षीय बेटे के साथ जान दे दी। मां और बेटे के शव घर पर पहुंचे तो पति फिर से ठेके पर पहुंच गया और शराब पीने लगा। इस पर गुस्साई महिलाओं ने ठेके पर तोड़फोड़ कर दी।
विज्ञापन
शराब ठेके में तोड़फोड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कासगंज के पटियाली के गांव लधोली में शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने नौ वर्षीय बेटे के साथ विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पिंकी (35) और बेटे रेयांश के शव घर पर पहुंचे तो पति फिर से ठेके पर पहुंच गया और शराब पीने लगा। इस पर रविवार को गांव की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। 
विज्ञापन


100 से अधिक महिलाओं ने गांव के सरकारी देसी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। महिलाओं ने शराब की पेटियां व बोतलें सड़क पर फेंककर नष्ट कर दीं। पिंकी का पति सुनील शराब के नशे में आए दिन उससे मारपीट करता था। शुक्रवार रात गृहकलह से तंग आकर पिंकी ने बेटे रेयांश के साथ विषाक्त पदार्थ खा लिया। 

ग्रामीण और परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रेयांश को मृत घोषित कर दिया और पिंकी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। पिंकी के बड़े बेटे नितिन (15) की भी एक महीने पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
विज्ञापन


शनिवार को जब मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो सुनील गांव के ठेके पर जाकर शराब पीने लगा। इसे देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार को इसी आक्रोश में गांव की महिलाओं ने ठेके पर धावा बोल दिया।
 

हंगामे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। महिलाओं का कहना था कि ठेके के कारण पूरा गांव बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने अधिकारियों से शराब के ठेके को तुरंत गांव से हटाने की मांग की।

 

महिलाओं को समझा-बुझाकर कराया शांत
तहसीलदार राम नयन सिंह, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, पटियाली कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह और थाना सिकंदरपुर वैश्य के प्रभारी चंचल सिरोही मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर जैसे-तैसे शांत किया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

 

शराब ठेकेदार ने मामले में तहरीर दे दी है। पुलिस जांच कर रही है। जो भी विधिसम्मत कार्रवाई होगी, की जाएगी।-अमित कुमार, सीओ, पटियाली

 
विज्ञापन

मृतका का पति शराब का आदी था। इसे लेकर गांव की महिलाओं में आक्रोश था। 20 साल से गांव में शराब की दुकान संचालित है। घटना से पूर्व किसी ने दुकान हटाने की शिकायत नहीं की थी। दुकान संचालक का करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। संचालक की ओर से मामले में तहरीर दी जा रही है। -संजय कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें