कासगंज। बारिश ने माध्यमिक स्कूलों की जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का पूरा गणित बिगाड़ दिया है। सूरज प्रसाद डागा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान में जलभराव होने के कारण बृहस्पतिवार को प्रस्तावित प्रतियोगिता को आखिरी वक्त पर स्थगित करना पड़ा। अब यह मुकाबले 3 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के दौरान अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के साथ-साथ अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के सभी मैच होने थे। विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली थी लेकिन लगातार बारिश से वॉलीबाल कोर्ट में पानी भर गया।
मैदान की इस खराब स्थिति में मैच कराने से खिलाड़ियों के चोटिल होने का गंभीर खतरा था जिसे ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने इसे टालने का फैसला किया। विद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि भारी जलभराव के चलते मौजूदा हालात में खेल कराना संभव नहीं था। स्थगन की सूचना सभी संबंधित विद्यालयों और टीमों को दे दी गई है। खिलाड़ियों से संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी रखने को कहा गया है।