कासगंज/सोरोंजी/ गंजडुंडवारा। ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर तीर्थनगरी में हजारों धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और दिल्ली आदि विभिन्न प्रांतों के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों से एक दिन पूर्व ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाघट पहुंच गए।
तीर्थनगरी के हरि की पौड़ी, लहरा गंगाघाट के अलावा कछला गंगाघाट, कादरगंज गंगाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगास्नान किया। गंगा स्नान से पूर्व श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार कराकर तीर्थ पुरोहितों के सान्निध्य में अपने पूर्वजों की आत्म-शांति के लिए तर्पण और पूजन अनुष्ठान कराया। तीर्थनगरी के हरि की पौड़ी में गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा की। भागीरथी गंगाघाट, लाल घाट, वराह घाट, राजा वाले घाट, श्याम वराह घाट, सोमेश्वर घाट, लक्ष्मण जी घाट, बरी वाले घाट और लठ्ठा वाले घाट श्रद्धालुओं की काफी भीड़ नजर आई। हरि नाम का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग में बैठे जरूरतमंदों को वस्त्र व अनाज आदि का दान किया।
भगवान वराह के दर्शन किए
सोरोंजी। श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन किए, प्रसाद चढ़ाया और अपने परिवार की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पैरावनी की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर दरबार, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा-कृष्ण, गंगा माता और पंच महाशक्ति आदि मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किए।
आश्रमों में चलाया अन्नक्षेत्र
सोरोंजी। श्रद्धालु योगमार्ग स्थित संतों के आश्रमों महर्षि दयानंद सोहम आश्रम, प्रेमी बाबा आश्रम, भक्त आश्रम और अमृतानंद आश्रम पहुंचे। जहां श्रद्धालुओं ने संतों के सान्निध्य में अन्नक्षेत्र का आयोजन किया गया।
मेला ग्राउंड में रही पार्किंग की व्यवस्था:
सोरोंजी। स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की सुचारु व्यवस्था के लिए नगरपालिका द्वारा मेला ग्राउंड में पार्किंग का पुख्ता प्रबंध किया गया था, जिससे तीर्थनगरी के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नहीं बनी।