उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसा देख लोगों की चीख निकल गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया।बाइक सवार दंपती 200 मीटर तक सड़क पर घिसटते गए। हादसे में दोनों की माैके पर ही माैत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र के गांव जखेरा में सोमवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान बाइक का हैंडल ट्रक में फंस गया। इससे बाइक पर सवार दंपती 200 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
सोरोंजी के गांव रामपुर निवासी महावीर सिंह (55) पुत्र नौबत सिंह सोमवार की सुबह करीब 8 बजे पत्नी रेखा देवी (54) के साथ बाइक से बहन भूरी के घर गांव टीकरी जा रहे थे। जैसे ही वे जखेरा गांव में पुलिया के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर ढोलना थाना से पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दंपती के निधन से परिवार में कोहराम मच गया। बेटे बंटू ने बताया कि मृतक लोडर चलाने का कार्य करते थे। दंपती अपने पीछे छह बेटे राजकुमार (38), संतोष (29), बंटू (28), रवि (24), सुशील (20) और बाबू (19) छोड़ गए हैं।