कासगंज। कांग्रेस कमेटी ने पार्टी का 140वां स्थापना दिवस मनाया। पार्टी के कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस की भूमिका व देश में सरकार चलाते हुए किए गए कार्यों की पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सराहना की। कार्यालय पर ध्वजारोहण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में स्थापित महापुरुषों डॉ. भीमराव आंबेडकर, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद सोरों गेट से गांधी मूर्ति तक पार्टी ध्वज लेकर यात्रा निकाली गई।
पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि भारत की सबसे पुरानी राजनैतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस है। जिसने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और स्वतंत्रता के बाद भी जिसने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एआईसीसी सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन और उसके बाद आधुनिक भारत के निर्माण में बेमिसाल योगदान दिया है। इस दौरान वरिष्ठ नेता सत्यप्रकाश गुप्ता, दीप कुमार पांडेय, प्रतिभा सिंह, दिव्या शर्मा, रजनेश उपाध्याय, अली हसन सोहराब ,तरुण शर्मा ,अर्चिका मिश्रा, अजय बिसरिया, अमरदीन अंसारी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल हुए चार भाजपाई
रविवार को कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4 भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। जिनमें किताब सिंह मौर्य, नेम सिंह बघेल, सुरजीत बाल्मीकि, लल्ला बाबू वाल्मीकि ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने पार्टी का पटका पहना कर स्वागत किया गया।
पटियाली में भी आयोजित किया गया कार्यक्रम
पटियाली। स्टेशन रोड स्थित कार्यालय पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया गया। कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष कमल किशोर मिश्रा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें कांग्रेसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेसियों ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम में आजाद अली राइन, कांग्रेस नेत्री मुन्नी देवी यादव, सभासद महेश शाक्य, साजिद अली, नूर आलम, शैलेंद्र कुमार, वसीम खान सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।