जानकारी के अनुसार, मामूरगंज निवासी राजकुमार लोधी के विवाह का मंडप कार्यक्रम चल रहा था। रात में डीजे पर नाच रहा युवक लवकुश सड़क पार कर रहा था, तभी गांव के ही दूसरे दलित पक्ष के दीपक के विवाह समारोह से लौट रहे लोगों की बाइक उससे टकरा गई। इस घटना के बाद बाइक सवार और लवकुश के बीच कहासुनी हो गई।
ये भी पढ़ें-
UP: तीन माह की बेटी को मार डाला...मां ने दी मासूम को दर्दनाक माैत, गले पर थे निशान; मंजर देख कांप गई रूह
गुस्साए बाइक सवार युवक ने इसकी सूचना अपने पक्ष के लोगों को दी, जिसके बाद वे बड़ी संख्या में राजकुमार के घर पर एकत्रित हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने के साथ ही पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस हिंसा से गांव में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में घुस गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश भारती ने भी गांव का दौरा कर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली। इस हिंसक झड़प में राजकुमार (दूल्हा, 20 वर्ष), उसका भाई मोहित (18 वर्ष), राम श्री (40 वर्ष), चंद्रावती (5 वर्ष) और लवकुश (20 वर्ष) घायल हुए हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष से नीलम (30 वर्ष), राजकुमारी, संजू (28 वर्ष), शेर सिंह (5 वर्ष), ममतेश (23 वर्ष) और सुनील घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें-
UP: संपत्ति के लिए तीन भाइयों में चले लाठी-डंडे...एक की बेरहमी से हत्या, ऐसे ठिकाने लगाई लाश; कांप गया कलेजा
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि बीती रात थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मामूरगंज में दो पक्षों के मध्य बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में दोनों पक्षों के कुछ लोग लाठी-डंडों और पत्थरबाजी से घायल हुए हैं, जिनकी संख्या लगभग 11 है। सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हमारी प्राथमिकता गांव में शांति और व्यवस्था बनाए रखना है, जिसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।