कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के गांव गोयती में 18 अक्तूबर की शाम से लापता सात वर्षीय बालक का शव सोमवार दोपहर गांव के ही एक तालाब में उतराता मिला। इस घटना से परिजन में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी अमोल सिंह का सात वर्षीय पुत्र विष्णु 18 अक्तूबर की शाम करीब 4 बजे घर से निकला और अचानक लापता हो गया था। पिता अमोल सिंह ने ग्राम प्रधान ओमप्रकाश और पुलिस को दी गई सूचना में बताया था कि बेटा खाना खाते-खाते घर से निकल गया था और नहीं लौटा।
परिजन ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित तालाब में बच्चे का शव उतराता देखा तो तुरंत परिजन और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अपने लाडले बेटे की इस तरह अचानक मौत से पिता अमोल सिंह और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।