कासगंज। थाना अमांपुर के गांव रानामऊ के पास बुधवार की शाम बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और मामा घायल हो गए। बच्ची परिजन के साथ बाइक पर सवार होकर ननिहाल से लौट रही थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला कोठी निवासी संदीप उर्फ रिंकू बुधवार को पत्नी रूबी, पुत्री गौरी (3) और साले गुलशन के साथ बाइक से अमांपुर के गांव जवाहरपुर स्थित ससुराल एक समारोह में शामिल होने गए थे। शाम करीब 5 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे कि तभी रानामऊ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती भिजवाया, जहां चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। उसके पिता और मामा को हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। मां को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मामले में परिजन ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि रानामऊ में बाइक पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में बच्ची की मौत होने की जानकारी परिजन की ओर से नहीं दी गई है। इसीलिए पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।
रिपोर्ट : अभिषेक भारद्वाज