फोटो34बिलराम ईदगाह का निरीक्षण करती पुलिस। पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। जिले में आज बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जाएगा। शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। त्योहार के मद्देनजर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने सभी जिलेवासियों से इस पर्व को प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
जिले भर में कुल 105 स्थानों पर ईद की नमाज अदा की जाएगी, जिनमें 62 ईदगाह और 43 मस्जिदें शामिल हैं। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे जिले को पांच जोन और 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ रिजर्व पुलिस और पीएसी की प्लाटून भी तैनात की गई है।
सभी जोन और सेक्टर के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों का निरीक्षण पूरा कर लिया है, और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेषों को इधर-उधर खुले में न फेंका जाए, बल्कि उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत गड्ढों में दबाया जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक मैसेज न डाला जाए। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नमाज का समय
नई ईदगाह- सुबह 7:15 बजे
चकैया सुबह 7:45 बजे
पुरानी ईदगाह- सुबह 8:00 बजे