कलेक्ट्रेट में एडीएम न्यायिक मंजूर अहमद को ज्ञापन सौंपते माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्
कासगंज। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के बैनर तले शिक्षकों और लोकतंत्र समर्थकों ने बृहस्पतिवार को शहर में मौन जुलूस निकाला।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को ज्ञापन सौंपकर पूरी चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने और पुनर्मतदान की मांग उठाई। संगठन के जिलाध्यक्ष केडी त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि 27 अक्तूबर को गोरखपुर विश्वविद्यालय में हुई मतगणना के दौरान गंभीर धांधली हुई है।
करीब 2,800 मतों को अवैध घोषित करना, मतपेटियों में मतपत्र लेखा से अधिक मत निकलना, पेपर सील टूटी मिलना और चौथे चक्र की गिनती में 1,612 मतों का अप्रत्याशित अंतर होना चुनाव की निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगाता है।
जिला मंत्री मनोज कुमार यादव ने मांग की कि स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी फुटेज व वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए तथा यह जांच राज्य सरकार के अधीन न होकर किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला संरक्षक रामबरन सिंह, विनय कश्यप, मनोज कुमार शर्मा, कोमल सिंह, सुरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, तेज बहादुर, डीके मौर्य, संजय कुमार और आनंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।