फोटो31अमांपुर में इंटरलॉकिंग सड़क पर बनाई जा रही सीसी सड़क । संवाद
कासगंज। अमांपुर नगर पंचायत के आंबेडकर नगर में सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि जेनरेटर रूम रोड बैकुंठी देवी विद्यालय के पास गली में इंटरलॉकिंग को उखाड़े बिना ही ऊपर से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों ने नगर पंचायत के ठेकेदार पर घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
नगर पंचायत की गली आंबेडकर नगर में सीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। यह काम जेनरेटर रूम रोड से कासगंज तिराहा तक 400 मीटर तक किया जाएगा। आंबेडकर नगर निवासी अमर सिंह का आरोप है कि पुरानी इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़े बिना ही उस पर गिट्टी डालकर सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। जबकि नियमानुसार पुरानी और जर्जर इंटरलॉकिंग सड़क को पूरी तरह हटाकर उसके बाद मानक के अनुसार सीसी सड़क का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पुरानी इंटरलॉकिंग सड़क पहले से ही जर्जर अवस्था में थी। उसी सड़क पर गिट्टी डालकर रोलर चलाया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। इससे सड़क अधिक समय तक टिकाऊ नहीं रह पाएगी और उसके कुछ ही समय में उखड़ने की आशंका है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की जांच नहीं की जा रही है और मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसको लेकर क्षेत्र में ठेकेदार के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने मांग की पुरानी इंटरलॉकिंग सड़क को हटाकर मानक के अनुसार नए सिरे से सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए। क्षेत्र के प्रदीप कुमार, रमेश चंद्र, विपिन कुमार, रामपाल सिंह, मान सिंह, गीता, जुगल किशोर, जुगेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अमांपुर विनय शुक्ला ने बताया कि आंबेडकर नगर में किए जा रहे सीसी निर्माण कार्य में अनियमितता की लोगों से शिकायत प्राप्त हुई है। अवर अभियंता को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।