फोटो25सोरोंजी की ग्राम पंचायत हिमांयुपुर में बनाया गया सदभावना भवन ।संवाद
कासगंज। जिले के एक ग्राम प्रधान को दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले परेड समारोह में प्रतिभाग करने का आमंत्रण प्राप्त हुआ है। सोरोंजी विकास खंड की ग्राम पंचायत हिमांयुपुर के ग्राम प्रधान को उत्कृष्ट कार्यों के लिए पंचायती राज मंत्रालय की ओर से आमंत्रण पत्र भेजा गया है।
ग्राम पंचायत हिमांयुपुर के ग्राम प्रधान मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए घर-घर शौचालयों का निर्माण कराया गया। सोरोंजी-सहावर मार्ग से गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का सीसी निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि गांव की सुरक्षा के लिए 16 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्ट्रीट लाइट एवं सोलर लाइटें लगवाई गईं। जल संरक्षण के लिए सरकारी एवं निजी हैंडपंपों के पास सोक पिट का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा ग्राम जगवतपुर एवं हिमांयुपुर में समय-समय पर पशुओं का टीकाकरण भी कराया जाता है।
प्रधान ने बताया कि पंचायत में सामुदायिक शौचालय, आरआरसी सेंटर, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास कार्य कराए गए हैं। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2024-25 का मुख्यमंत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार राशि से 10 लाख रुपये की लागत से गांव में सद्भावना भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि वह पहली बार ग्राम प्रधान चुने गए हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्हें दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड समारोह में पंचायती राज मंत्रालय की ओर से भाग लेने के लिए आमंत्रण प्राप्त हुआ है।
जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत हिमांयुपुर के ग्राम प्रधान को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। पंचायती राज मंत्रालय की ओर से उन्हें औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा गया है।