कासगंज। खरीफ सीजन की बुवाई के बीच कृषि विभाग ने किसानों को बड़ी राहत दी है। जिले में मक्का और बाजरा के प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराकर कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना है।
जिले कें खरीफ की बुवाई का सीजन शुरू हो चुका है। मक्का का 29,993 हेक्टेयर, बाजरा 41846 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को बीज की दिक्कत न हो इसके लिए कृषि विभाग ने प्रमाणित बीजों की व्यवस्था की है। बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान की व्यवस्था की है। अनुदान की राशि किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।
विभाग के पास वर्तमान में मक्का का 104.70 क्विंटल तथा बाजरा का 88.46 क्विंटल बीज उपलब्ध है। मक्का की पीएसी-751, एनएमएच-920, केएमएच-8322 और युवराज गोल्ड तथा बाजरा की वीएनआर-3245, एनबीएच-5929, एमएच-1553 और एमएच-214 प्रजातियों के बीज किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रमाणित बीजों के प्रयोग से फसल की उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों बेहतर होती हैं। जिले के सभी विकास खंडों पर स्थित बीज गोदामों पर इनको उपलब्ध करा दिया है। किसान समय रहते अपने नजदीकी बीज गोदाम से बीज प्राप्त कर योजना का लाभ उठाएं और मौसम के अनुकूल बुवाई कर अच्छी पैदावार सुनिश्चित करें।