कासगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत शनिवार को स्कूल वाहनों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने चालान काटे, ओवरलोड वाहनों को निरुद्ध किया और दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया।
परिवहन विभाग की ओर से संचालित मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों के वाहनों की फिटनेस, बीमा, आवश्यक दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स समेत सुरक्षा संबंधी मानकों की गहन जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान तीन स्कूल वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान तेज रफ्तार से संचालित 18 वाहनों का भी चालान किया गया। वहीं ओवरलोडिंग करते पाए गए पांच वाहनों को मौके पर ही निरुद्ध कर दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई में कुल 36 वाहनों के चालान किए गए तथा पांच वाहनों को बंद कराया गया। विभाग की ओर से की गई कार्रवाई में कुल दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया। एआरटीओ आरपी मिश्र ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन करें।
-
फोटो - 13
प्रभारी एआरएम ने रोडवेज बसों में परखी सुरक्षा व्यवस्था
कासगंज। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभारी एआरएम ने शनिवार को रोडवेज बसों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की बारीकी से पड़ताल की गई। निरीक्षण में कुछ बसों में सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित चालक-परिचालकों को फटकार लगाई गई। प्रभारी एआरएम ने जिन बसों में अग्निशमन यंत्र या फर्स्ट एड बॉक्स में कमी अथवा अन्य तकनीकी खामियां मिलीं, उन्हें तत्काल संचालन से हटाकर वर्कशॉप भेजने के निर्देश दिए। प्रभारी एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि सभी कमियों को दूर करने के बाद ही इन बसों को दोबारा संचालन में शामिल किया जाएगा। सभी चालक-परिचालकों को नियमित रूप से सुरक्षा उपकरणों की जांच करने और बसों को पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में ही सड़क पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं।