कासगंज। गंगा के जलस्तर में उतार चढ़ाव ग्रामीणों को बेचैन किए हुए है। इस उतार चढ़ाव के बीच शहवाजपुर के बाद अब किलौनी में गंगा की धारा रुख बदल रही है। यहां खेतों की ओर गंगा ने कटान शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग किलौनी में कटान रोकने के लिए मड बैग के साथ बंबूक्रेट कटान क्षेत्र में लांच कर रहा है। अभी कटान थमा नहीं है लेकिन रोकने की कवायद जारी है। पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 18 सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई है।
गंगा के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में बैराजों का प्रवाह तेजी से बढ़ा। हरिद्वार बैराज से 10 हजार क्यूसेक पानी का प्रवाह बढ़ गया। इस तरह बिजनौर से 13 हजार क्यूसेक और नरौरा से 6 हजार क्यूसेक पानी का दबाव बढ़ गया। कछला ब्रिज पर जलस्तर में 18 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। इस उतार चढ़ाव के बीच गंगा कटान का अंदेशा बना हुआ था।
शहवाजपुर में कटान करती गंगा की धारा ने किलौनी इलाके को निशाना बना लिया। किलौनी में गंगा के खादर के खेतों में कटान होने लगा। जिले की ओर गंगा के उत्तरी किनारे पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। जिससे आगामी समय में कटान का और खतरा बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने किलौनी पहुंचकर कटान की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कटान रोकने के लिए मडबैग के साथ बंबूक्रेट कटानप्रभावित क्षेत्र में लांच की। जिससे कटान कर रही गंगा की धारा को रोका जा सके। पूरे दिन कटानरोधी कार्य चलते रहे। अभी कार्य जारी रहेंगे और कटान की निरंतर निगरानी की जाएगी।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में फिर बढ़ेगा पानी
पिछले महीने से बाढ़ की चपेट में आए पटियाली क्षेत्र के 8 गांव में पहले से ही बाढ़ का पानी भरा हुआ है अब इन इलाकों में बाढ़ का पानी और बढ़ जाएगा ग्रामीण इस बात को लेकर चिंतित हैं। पिछले सप्ताह जलस्तर में कमी आने पर ग्रामीण राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन बढ़ते जलस्तर ने फिर से ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। नगला दुर्जन के उर्वेश ने बताया कि गंगा का पानी फिर से बढ़ने लगा है और पानी बढ़ने पर दिक्कतें बढ़ जाएंगी। एक माह से अधिक का समय हो गया। ग्रामीण बेहद परेशान हैं।
-
बैराजों से पानी का प्रवाह
हरिद्वार बैराज से- 110750 क्यूसेक
बिजनौर बैराज से- 93907 क्यूसेक
नरौरा बैराज से - 83835 क्यूसेक
कछला ब्रिज- 162.47 मीटर के निशान पर
वर्जन-
- शहवाजपुर और किलौनी पर गंगा की धारा दबाव बढ़ रहा है जिससे किलौनी में कटानरोधी कार्य किए गए। कटान रोकने के लिए बंबूक्रेट लगाए गए हैं। जलस्तर में एक दो दिन वृद्धि जारी रहेगी, लेकिन अधिक वृद्धि नहीं होगी- संदीप जैन, एसडीओ, सिंचाई।
रिपोर्ट एवं संपादन अजय झंवर
फोटो 24- किलौनी तट पर लगाई गई बंबू क्रेट और बुग्गी से मड बैग लेकर पहुंचा श्रमिक। संवाद