कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में धान उतारने को लेकर हुए विवाद ने संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपियों ने एक अधिवक्ता और उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा घर में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट और अभद्रता की। मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घटना 26 अक्तूबर की सुबह करीब 8 बजे की है। पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वे अपने घेर में धान उतरवा रहे थे, तभी गांव के रामदीन, रामभजन, श्याम कुमार, रामू और अवनेश कुमार वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध जताने पर आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
हंगामे की आवाज सुनकर अधिवक्ता की बहन, पत्नी, मां और शिवा बाहर आए तो दबंगों ने उनके घर में घुसकर धावा बोल दिया। आरोप है कि आरोपियों ने बहन के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनके कपड़े फाड़ दिए। जब पीड़ित परिवार ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर मदद मांगी, तो पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले में परिवार के कई सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं।
वर्जन :
- तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। -आंचल चौहान ,सीओ सदर कासगंज।