कासगंज। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने ईंधन दक्षता के निर्धारित मानकों पर खरा न उतरने वाले चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कासगंज रोडवेज डिपो में निर्धारित डीजल औसत हासिल न करने वाले सात संविदा चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 3,600 रुपये की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय द्वारा 3 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, कासगंज द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न तिथियों में संचालित बसों के डीजल औसत की समीक्षा की गई थी। जांच में पाया गया कि कुछ संविदा चालकों की बसों में डीजल की खपत तय मानकों से अधिक रही, जिससे निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
इसकी भरपाई के लिए संबंधित कर्मचारियों के वेतन या देयकों से कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं। मामलों की गंभीरता और मानक से अधिक खपत के आधार पर प्रत्येक चालक से 300 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक की रिकवरी तय की गई है। इस तरह कुल सात मामलों में 3,600 रुपये की वसूली की जाएगी।
-
वर्जन
निगम की संचालन व्यवस्था को प्रभावी और ईंधन बचत के प्रति जागरूक बनाए रखने के लिए डीजल औसत की नियमित समीक्षा की जाती है। निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। -संजीव कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक