फोटो01कासगंज जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय । संवाद
कासगंज। सितंबर से दिसंबर 2026 तक आने वाले त्योहारों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कर्मियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। इसके तहत ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम स्थलों, नदी-तालाबों के घाटों और प्रमुख स्थानों की सफाई कराई जाएगी।
गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, गांधी जयंती, महाराजा अग्रसेन जयंती, दुर्गाष्टमी, विजयादशमी, महर्षि वाल्मीकि जयंती, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती समेत दिसंबर में क्रिसमस तक विभिन्न त्योहार आने वाले हैं। डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहार से पहले और बाद में सफाई कराई जाएगी। डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जलभराव और कूड़े के ढेर का निस्तारण, चिह्नित स्थानों पर सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
इसके साथ नदी, तालाब, पोखर और अमृत सरोवर के स्नान घाटों पर सफाई कराई जाएगी। इसके लिए सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात की जाएगी। अपशिष्ट का उचित निस्तारण कर उसे ग्राम पंचायतों में बनाए गए आरआरसी पर एकत्र कराने के निर्देश हैं।