कासगंज। सदर विधान सभा क्षेत्र में गांव मद्दूपुर से अथैया गांव तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। 85 लाख रुपये की लागत से इस संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने के बाद आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और मुख्य मार्ग तक पहुंचना आसान होगा।
मद्दूपुर से अथैया गांव तक संपर्क मार्ग काफी समय से जर्जर है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। जर्जर सड़क की स्थिति को देखते हुए सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।
ग्रामीण जयपाल ने बताया कि यह मार्ग गांवों को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने बताया कि निर्माण में गुणवत्ता के साथ-साथ तय समय में कार्य को पूरा किया जाएगा।