ढोलना। गांव मुहम्मदपुर निवासी वीरपाल पुत्र कोमल सिंह के घर के पास लगे सीमेंट के पोल में शनिवार की देर शाम अचानक 11 हजार एचटी लाइन का करंट उतर आया। इससे पोल के पास खेल रहा अंकित (8) पुत्र पवन कुमार करंट की चपेट में आ गया और झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण झुलसे बालक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारियों से पहले भी पोल में करंट आने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की हैं। प्रधान राकेश कुमार ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर गांव में घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एचटी लाइन के कारण गांव में आए दिन घटना होती रहती है। बड़ा हादसा होने की आशंका है।
रिपोर्ट : जितेश राजपूत