कासगंज। शासन ने 10 साल की सेवा अवधि पूरी होते ही बिना आवेदन के ही शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ देने की व्यवस्था लागू कर रखी है, लेकिन इन निर्देशों का जिले में पालन नहीं हो पा रहा। 535 शिक्षक चयन वेतनमान पाने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
शिक्षक के लगातार 10 वर्षों तक संतोषजनक सेवा प्रदान करने पर प्रमोशन न मिल पाने की दशा में चयन वेतनमान दिया जाता है अर्थात उसे एक वेतन वृद्धि दी जाती है, पहले जनवरी व जून में शिक्षकों को चयन वेतनमान दिए जाने की व्यवस्था थी। इसमें बदलाव करते हुए अवधि पूरी होते ही लाभ देने की व्यवस्था लागू की जा चुकी है। जिले में जनवरी से अगस्त माह तक 535 शिक्षकों को चयन वेतनमान का समय पूरा हो चुका है। इनमें से मात्र 218 का ही खंड शिक्षा अधिकारियों ने अब तक मूल्यांकन किया है। शेष। 317 शिक्षकों के मामले खंड शिक्षा अधिकारियों के पास लंबित हैं।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र यादव का कहना है कि शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ देने में लापरवाही बरती जा रही है। शासनादेश का पालन नहीं हो रहा। प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप यादव का कहना है कि कई बार अधिकारियों के समक्ष मामला रखा जा चुका है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। बीएसए, सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि चयन वेतनमान का लाभ देने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को सूची तैयार करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही शिक्षकों को लाभ दिया जाएगा।