कासगंज। जनपद के संयुक्त चिकित्सालय पर अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ बुधवार को किया गया। जिलाधिकारी ने कक्ष का फीता काटा।
इस मौके पर जिलाधिकारी जेपी त्रिवेदी ने कहा कि जनपद के मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद सभी सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति न होने से अब तक अल्ट्रासाउंड मशीन का लाभ मरीजों को नहीं मल पा रहा था। तैनाती के बाद अब इसका लाभ मिलेगा। सीएमओ सत्य सिंह ने बताया कि इसके लिए मरीजों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। इस दौरान चिकित्साधीक्षक कृष्ण अवतार, विकास भारती सहित अन्य चिकित्सक व कर्मी मौजूद रहे।
परिसर में गंदगी देख हुए नाराज
कासगंज। संयुक्त अस्पताल में गंदगी देख डीएम नाराज हुए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान चल रहा है। कबाड़े को सही से निस्तारित करें। उन्होंने पूर्ण सफाई किए जाने के निर्देश दिए।
मिले निजी चिकित्सक के पर्चे
कासगंज। सीएमओ ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें महिला चिकित्सक डा. हेम पुष्पा के पास एक निजी चिकित्सालय के पर्चे मिले। सीएमओ ने उनके स्थान पर डा. वंदिनी सिंह को ओपी और मेटेरनिटी का चार्ज सौंपा। डा. हेम पुष्पा पर आरोप है कि वह मरीजों को दूसरे चिकित्सकों के यहां रेफर करती थीं। सीएमओ ने बताया कि इस मामले की जांच भी कराई जाएगी।