कासगंज। ढोलना क्षेत्र में बदमाशों की आमद होने से दहशत है। मंगलवार की रात बिलराम और नगला भूड़ क्षेत्र में दो स्थानों पर धावा बोलकर बदमाशों ने नगदी, जेवर सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया। नगला भूड़ में बदमाशों और ग्रामीणों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मामला दर्ज कर लिया है।
बिलराम के मोहल्ला चौधरी में आनंद के घर रात करीब तीन बजे बदमाश घुस आए। बक्से में रखी 40 हजार रुपये की नगदी व जेवर निकाल लिए। इसी दौरान आनंद व उनकी पत्नी रीता जाग गईं। उनके शोर मचाने पर बदमाशों ने दोनों को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मुनेश वहां आ गया। बदमाशों ने उसके भी सिर पर डंडे से प्रहार कर घायल कर दिया। तीनों घायलों को बिलराम पुलिस जिला अस्पताल लेकर आई, जहां से उनको आगरा रेफर कर दिया गया।
दूसरी वारदात नगला भूड़ में हुई। रात करीब एक बजे नीरेंद्र के घर में छत के रास्ते से बदमाश घुस आए। अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने, चांदी के जेवरात ले गए। वारदात के दौरान घर के लोग जगे तो उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीणों ने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया। इस दौरान दोनाें ओर से फायरिंग हुई, लेकिन बदमाश भाग निकले। गृहस्वामी ने बताया कि बदमाश लाखों के जेवरात समेत 90 हजार की नगदी, एटीएम कार्ड व अन्य कागजात ले गए।