पटियाली। पटियाली के गांव भैंसरासी में सोमवार को हत्या और ताबड़तोड़ फायरिंग के नामजद दोनों हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की दबिशें जारी है। लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक कोई हत्यारोपी नहीं चढ़ा है। एसपी विनय कुमार यादव ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटियाली पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं।
गौरतलब हो कि भैंसरासी में बिजली की कटिया डालने को लेकर हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप धारण कर लिया। ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक अभिषेक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इस मामले के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी विनय कुमार यादव ने कोतवाली पुलिस को हत्याकांड में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नामजद हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव भुजपुरा में हत्यारोपियों की रिश्तेदारी में दबिशें दी लेकिन दोनों ही हत्यारोपी नहीं मिल सके। कई अन्य स्थानों पर भी पुलिस टीमों ने दबिशें दी। लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को प्रयासरत है। शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।
फरार हत्यारोपी दबोचा
पटियाली। विद्युत कर्मी दिनेश चंद्र की हत्या में हत्यारोपी अवनीश निवासी नरदौली को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हत्यारोपी को जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है। गौरतलब हो कि गत वर्ष 28 नवंबर को विद्युत कर्मी दिनेश की मौत हो गई थी। इसमें हत्या का आरोप अवनीश पर था। पुलिस अवनीश की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अवनीश को गिरफ्तार कर लिया।