कासगंज। अमांपुर कासगंज मार्ग पर रेलवे फाटक के दिन में कई बार बंद रहने के कारण लोग परेशान रहते हैं। वहीं, तकनीकी समस्याओं के चलते कई बार अनावश्यक तौर पर रेल फाटक बंद हो जाता है।
मंगलवार को सिग्नल न मिलने के कारण दोपहर के समय आउटर पर खड़ी मालगाड़ी को पास नहीं कराया जा सका। इसके कारण करीब पौन घंटे तक रेल फाटक बंद रहा और गल्ला मंडी की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई। चिलचिलाती धूप में लोग परेशान होते दिखे। वाहन चालक जब बार-बार गेटमैन से फाटक बंद होने के बारे में पूछते तो गेट मेन का जवाब होता कि सिग्नल नहीं मिल रहा, जिससे गाड़ी पास हो सके।
गौरतलब हो कि नगर की गल्ला मंडी की ओर जाने के लिए कासगंज कानपुर रेल मार्ग का रेल फाटक पड़ता है। कासगंज कानपुर रेल मार्ग पर रेलवे का ट्रैफिक अधिक रहने और मालगाड़ियों का ट्रैफिक अधिक रहने के कारण दिन में कई बार यह रेल फाटक बंद करना पड़ता है। लोग अरसे से ओवरब्रिज की मांग भी कर रहे है, लेकिन रेल प्रशासन ने इस दिशा में कोई कार्य योजना तैयार नहीं की है। किसान सेवाराम ने बताया कि वह आधे घंटे से रेलवे फाटक पर खड़े थे, लेकिन गेट नहीं खुल पाया। किसान भागीरथ व नौकम सिंह ने भी कहा कि गल्ला मंडी आने में फाटक के बंद रहने पर काफी दिक्कतें होती है। ओवरब्रिज बनाया जाना बेहद जरूरी है।
----
रेलवे यार्ड में शंटिंग का कार्य चलने के कारण मालगाड़ी को आउट साइड रखा गया जिसके चलते मालगाड़ी 15 से 20 मिनट खड़ी। शंटिंग का कार्य पूरा होते ही सिगभनल देकर मालगाड़ी को पास कराया गया।
- सुंगध चंद्र मीणा, एएसएम