कासगंज। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की शनिवार को डीएम ने समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला जेल और अन्य कार्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की जांच की।
डीएम मासूम अली सरवर ने बताया कि पचलाना में 20.2340 हेक्टेयर भूमि पर 76 करोड़ 75 लाख 37 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन जिला कारागार का कार्य तेजी से जारी है। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को 68 करोड़ 55 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त दी जा चुकी है।
कासगंज-सोरों रोड पर स्थित ग्राम देवरी, प्रहलादपुर और ग्राम आनंदीपुर की 12.620 हेक्टेयर भूमि पर विकास भवन का कार्य शुरू हो चुका है। लगभग 11 करोड़ 64 लाख 44 हजार रुपये की लागत से बनाए जाने वाले विकास भवन के अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को तीन करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विकास भवन 24 आधुनिक कार्यालयों से सुसज्जित होगा। इसमें सीडीओ, डीडीओ कार्यालय, डीआरडीए, कृषि सहित जिले के अन्य विभाग के कार्यालय होंगे। उन्होंने बताया कि 1120 हेक्टेयर भूमि पर एक करोड़ चार लाख 85 हजार रुपये की लागत से सिंचाई खंड कार्यालय निर्माण के लिए 50 लाख रुपये अवमुक्त किये जा चुके हैं, 0605 हेक्टेयर भूमि पर 99 लाख 65 हजार रुपये की लागत से लोकनिर्माण विभाग कार्यालय निर्माण के लिए 45 लाख दिए गए है। सुपर स्ट्रक्चर का कार्य प्रगति पर है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लखनऊ द्वारा 29 हेक्टेयर भूमि पर 81 लाख 18 हजार रुपये लागत से निर्माणाधीन बीएसए कार्यालय के लिए 73 लाख 68 हजार रुपये अवमुक्त किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि जनपद न्यायालय, गेस्ट हाउस, ट्रांजिट हास्टल, भूमि संरक्षण, बीएसए, डीआईओएस, सूचना, सेवायोजन, वाणिज्यकर, होमगार्ड, जिला सैनिक पुनर्वास, जिला पूर्ति, विपणन, डूडा, गन्ना, विद्युत सहित अधिकांश कार्यालयों के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अन्य विभागों के कार्यालय भवनों के निर्माण के लिये लेआउट स्वीकृत हो चुका है। निर्माण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जा रहा है।