कासगंज। डीएम मासूम अली सरवर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जनता को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आवश्यकतानुसार तत्परता से उपलब्ध कराएं। उपलब्ध धन और दवाओं का पूर्ण सदुपयोग करें। फर्जीवाड़ा सामने आने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएम कलक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मियों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से जिले में यदि कहीं कोई बीमारी फैलती है तो संबंधित सामुदायिक या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी पूर्ण जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के नियमित टीकाकरण और पोलियो अभियान में एएनएम, आंगनबाड़ी तथा आशा वर्करों द्वारा अपेक्षित रुचि न लेने, कासगंज, पटियाली व सिढ़पुरा में पोलियो की बी टीमों द्वारा घर-घर जाकर जांच न करने, गंजडुंडवारा में नवजात शिशुओं की कम ट्रैकिंग होने, संवेदनशील क्षेत्रों और सहावर, सनौढ़ी गंजडुंडवारा में नियमित टीकाकरण न होने की शिकायतों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि स्थिति में सुधार लाए अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहे। कार्रवाई के लिये तैयार रहें। बैठक में सीडीओ लल्लन प्रसाद वर्मा, सीएमओ डा. वीके सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन व यूनिसेफ के प्रतिनिधि, डिप्टी सीएमओ व सभी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।