सोरों। हरि की पैड़ी परिक्रमा मार्ग पर सोमवार की दोपहर एक मंदिर गिरने से श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रद्धालु घटना के समय मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ा रहा था। घायल श्रद्धालु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। हादसे के पीछे पाइप लाइन में लीकेज बताया गया है।
परिक्रमा मार्ग पर सेठ फट्टामल धर्मशाला के पास शिव मंदिर है। मंदिर के आगे पानी की पाइप लाइन जा रही है। बताते हैं कि पाइप लाइन में कई दिनों से लीकेज था। इस पाइप लाइन को जमीन के अंदर पाटकर शिव परिवार का छोटा मंदिर बनाया गया था। इसमें दोपहर कस्बा निवासी रामाधार दुबे पूजा कर रहे थे। यकायक मंदिर गिर गया और उसके मलबे में वह दब गए। बताया गया है कि पाइप लाइन में लीकेज के कारण जमीन नीचे से खोखली हो गई थी। इस कारण यह हादसा हुआ। हादसे की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रामाधार को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पालिका के कर्मचारी भी मौके पर पाइप लाइन दुरुस्त करने के लिए पहुंच गए।