कासगंज। दिवाली के बाद अब शहर में सहालग की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 13 नवंबर को देवोत्थान एकादशी से 10 दिसंबर तक शहर में बैंडबाजा और बारात की धूम रहेगी। बाजारों में शादियों में दान-दहेज में दिए जाने वाले सामान की खूब खरीदारी हो रही है।
शादी समारोह को लेकर शुक्रवार को दिन भर बाजारों में खरीदारों की भीड़ से दुकानों पर रौनक रही। बाजारों में वस्त्र विक्रेताओं, रेडीमेड वस्त्र विक्रेता, परचूनी विक्रेता और सर्राफा कारोबारियाें के यहां बाजार खुलने के साथ ही भीड़ जुटने लगी है। यह आलम दिनभर बना रहता है। त्योहार के बाद सहालग भीड़ निकलने से विक्रेता भी खुश नजर आ रहे है
विवाह के लिए ये हैं शुभ तारीख
सहालग देवोत्थान से शुरू हो जाएंगे और जो 10 दिसंबर तक चलेंगे। इसके बाद पुन: जनवरी से मार्च तक सहालग की धूम रहेगी। 13 से 17 नवंबर तक अनसुलझे विवाह संपन्न होंगे। विद्वानों के अनुसार 18 नवंबर से सहालग की शुरुआत होगी। विवाह के लिए शुभ तारीख नवंबर में 18, 19, 20, 24, 25, 27, 28, 29 और 30 दिसंबर में 6 7, 8 और 10 हैं।
सभी गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं हुई बुक
सहालग में शादी समारोह के लिए शहर और आसपास के बाहरी क्षेत्रों में बने गेस्ट हाउस और धर्मशाला बुक हो गए हैं। गेस्ट हाउस और धर्मशाला के प्रबंधक और मैनेजरों ने बुकिंग लेना बंद कर दिया है। कोई नई बुकिंग नहीं ली जा रही। देवोत्थान एकादशी 13 नवंबर के अलावा 14 15 17 और 18 नवंबर का तगड़ा सहालग रहेगा।
----
इस वर्ष में शादी का सीजन कम दिनों का है। मात्र 13 शुभ मुहूर्त हैं। इसके अलावा देवोत्थान एकादशी से 17 नवंबर तक अनसुलझे विवाह समारोह हैं।
- दिनेश कुमार, पुरोहित