कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बदमाशों ने जबरन घर में घुसकर गृहस्वामी व अन्य सदस्यों को पीटकर कमरे में बंद कर दिया। बाद में नगदी, आभूषण लूट लिए। कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।
घटना आवास विकास कालोनी की है। आशाराम का पुत्र देवेंद्र शनिवार की रात्रि 11 बजे के करीब काम से लौटा। उसने घर का दरवाजा खुलवाने को परिवारीजनों को आवाज दी। जब परिवारीजनों ने देवेंद्र के लिए दरवाजा खोला उसी समय घर के आसपास पहले से ही छिपे बैठे बदमाश असलाह दिखाकर जबरन घर के अंदर घुस गए। घुसते ही उन्होंने सभी सदस्यों को पीटना, धमकाना शुरू कर दिया।
इसके बाद सभी को कमरे में बंद कर दिया। लुटेरों ने बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में रखी 42 हजार की नगदी, सोने, चांदी के आभूषण, चार माबाइल लूट लिए। शोरगुल सुनकर जब पड़ोस में रहने वाले जगदीश मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग की और वह भाग निकले। बदमाशों की सात के आसपास बताई जा रही है। मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वारदात के बारे में जानकारी ली।