पटियाली। कटरी क्षेत्र के ग्राम नरदोली के पास किला असदगढ़ में घूरे से उठी चिंगारी ने एक-एक कर तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से हजारों रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई। अग्निकांड के समय परिवार के लोग दावत में गए हुए थे।
गांव किला असदगढ़ निवासी सत्यपाल, सूजपाल व श्रीपाल कश्यप पुत्रगण धनश्याम कश्यप तीनों ही भाई परिवार सहित नरदोली गांव में साधू कश्यप के यहां दावत में गए हुए थे। उनके घर के पास पतेल के पुरे रखे हुए थे। पास के घूरे से सुलगती हुई आग पतेल के गटठरों पर पहुंच गई, जिससे आग ने तेजी पकड़ ली। पतेल में आग लगते ही सत्यपाल के घर में आग पहुंच गई, उसके बाद आग ने सूजपाल और श्रीपाल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घरों में कोई सदस्य नहीं होने से जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन घरों में रखा गल्ला, कपडा, चारपाइयां, नगदी सहित सब कुछ जलकर खाक हो गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग की सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल चरन सिंह राजपूत ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है।