कासगंज। नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त चिकित्सालय पर ‘हेल्दी बेबी शो’ का आयोजन किया। कार्यक्रम को लेकर माताओं में उत्साह देखा गया। वे अपने बच्चों को प्रतियोगिता में सहभागिता कराने पहुंची। स्वास्थ्य विभाग ने विजेता प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए।
‘हेल्दी बेबी शो’ के तहत एक वर्ष तक के बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया। प्रतियोगिता में 49 बच्चों को उनकी माताएं स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। कार्यक्रम के तहत बच्चों के विकास, टीकाकरण, माता के दूध, वजन आदि की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों का बारीकी से परीक्षण किया। आवश्यक अभिलेख भी देखे। शो में प्रथम स्थान मरियम पुत्री सादाब, द्वितीय स्थान हेमंत पुत्री सुनील एवं तृतीय स्थान फैज पुत्र रिहान ने प्राप्त किया। सभी बच्चों को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीके सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. पी प्रसाद, डॉ. कृष्ण अवतार, डॉ. पवन, डॉ. बाबूलाल, डॉ. शिवकुमार, डॉ. हरीश आदि मौजूद रहे।