कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर गढ़ी मार्ग पर टेंपो की भिड़ंत में घायल ग्रामीण युवक की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गढ़ी पचगई थाना ढोलना निवासी 40 वर्षीय मुन्नालाल पुत्र जंगाली मंगलवार की शाम कासगंज का बाजार करके अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि वह कासगंज से गढ़ी जाने के लिए टेंपो में सवार हो गया, तभी कल्यानपुर सई गांव के नजदीक सामने की ओर से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मुन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। घायल मुन्नालाल को उसके परिवारीजन निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में मुन्नालाल ने दम तोड़ दिया। मुन्नालाल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस को परिवारीजनों ने मौत की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारीजनों ने टैंपो चालक के खिलाफ तहरीर दी है।