कासगंज। दीपावली पर जिले में दीपक और आतिशबाजी से कई जगह आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई। इससे प्रभावित लोगों की दीपावली की खुशियां भी गायब हो गईं।
सोरों के मुहल्ला बदरिया में रामचंद्र की बिसातखाने की दुकान है। दीपावली पर शाम को उन्होंने दुकान में लक्ष्मी जी का पूजन कर दीपक जलाए और दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए। रात्रि में लगभग 8 बजे उनकी दुकान के भीतर से पड़ोसियों ने आग की लपटें उठती देखीं। सूचना मिलने पर रामचंद्र घर से दुकान पर पहुंच गए। पड़ोसियों ने बाल्टियों से पानी डालकर काफी देर में आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जल गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मोहल्ला बदरिया में ही राजवीर शर्मा घर में दीपमालिका की गई। इसके बाद सभी परिवारीजन मोहल्ला योगमार्ग स्थित स्वामी मगनानंद आश्रम में आयोजित यज्ञ में भाग लेने चले गए। बंद घर में किसी प्रकार एक जलती मोमबत्ती टीवी के ऊपर जा गिरी, जिससे घर में रखा टीवी, डीवीडी, बैड, बिस्तर व अन्य घरेलूृ सामान जलकर राख हो गया।
कासगंज के समीपवर्ती नगला सैयद अहरौली में लटूरी के छप्पर में आग लग गई। जिसे लेागों ने पानी से बुझाया। काफी सामान को बचा लिया गया, लेकिन कुछ सामान जल गया।
दीपावली की रात आतिशबाजी की चिंगारी कादरगंज रोड पर मोहम्मद जाकिर की बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान के छप्पर पर गिर पड़ी। इससे छप्पर में आग लग गई। उसमें रखे बिल्डिंग मेटेरियल का हजारों का सामान जलकर राख हो। आग लगने पर पड़ोसियों ने जाकिर को खबर दी तथा आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह सावत, एसओ तथा क्ष्ेात्रीय लेखपाल प्रथ्वीराज सिंह मौके पर पहुंचे। जब तक फ ायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
वहीं कासगंज में मोहल्ला नवाब स्थित जामा मस्जिद के पास फूलों की दुकान आग लगने से जलकर खाक हो गई। फूलों, गुलदस्ते और सजावट का सामान बेचने वाले सुदर्शन ने रात को लक्ष्मी जी का पूजन किया। पूजन करने के बाद दुकान में ताला लगाकर घर चलए गए। रात को उसके पास कुछ बच्चे पटाखे चला रहे थे, तभी चिंगारी से दुकान में आग लग गई। रात लगभग दो बजे लोगों ने दुकान में से धुंआ निकलते देख दुकानदार को सूचना दी। आग इतनी भीषण लगी थी कि दुकान की दीवारें भी चटक गई। आग दुकान के पीछे के हिस्से में रखे हुए पुआल में भी लग गई। फ ायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बुधवार की दुपहर को फिर से आग सुलगने लगी। तेज धुआं उठने लगा तो लोगों ने पानी डालकर आग को बुझाया।