कासगंज। जनपद में बीपीएल परिवार के अलावा चिह्नित किए गरीबों को भी अब शासन सस्ता खाद्यान्न उपलब्ध कराने जा रहा है। उनके एपीएल कार्ड पर ही विवरण अंकित कर दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें बीपीएल की दर पर ही सस्ता खाद्यान्न मिलेगा।
जनपद में दो साल पहले बीपीएल सूची में शामिल होने से वंचित रह गए गरीबों का सर्वे कराया गया था। इसमें जनपद में 14667 गरीब ऐसे पाए गए, जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे थे। लेकिन इनको एपीएल कार्ड ही जारी किए थे। अब इन गरीबों को शासन ने सस्ता खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। रानी लक्ष्मीबाई योजना के अंतर्गत इन गरीबों को सस्ती दर पर गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे कार्डधारियों को बीपीएल की दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। इन परिवारों के लिए एपीएल कार्ड पर ही योजना को अंकित कर दिया जाएगा, जिससे राशन विक्रेता उन्हें योजना का लाभ दे सकें। जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि अभी इस योजना का लाभ मार्च के माह तक ही मिलेगा। इसके बाद जैसे शासनादेश आएंगे, उसके आधार पर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।