इटावा। बाइक देने से मना करने पर सोमवार को दो भाइयों समेत चार युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि अंकित ने माधव के पैरों में चार गोलियां मार दीं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां से आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया गया। पुुलिस ने अंकित फौजी, रज्जन फौजी निवासी मोहल्ला ब्रह्मनगर समेत चार के खिलाफ हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज की है।
कन्हैया गुप्ता निवासी होमगंज ने बताया कि वह गल्ला व्यापारी हैं। उनका भाई माधव गुप्ता (27) भी व्यापार में उनका सहयोग करता है। उनका रानी का बाग में एक प्लॉट पड़ा है। वहां सोमवार को भाई माधव गया था। वह प्लॉट पर ही बैठा था कि इस बीच बाइकों से अंकित फौजी, रज्जन फौजी समेत चार से पांच लोग आए और भाई से उसकी बाइक मांगने लगे। उसने बाइक देने से मना किया तो तमंचों से भाई के दोनों पैरों में दो-दो गोली मार दी। दिनदहाड़े चली गोली से हड़कंप मच गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में कोतवाली पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। घायल माधव ने बताया कि रविवार को उसकी बाइक आरोपियों में अंकित ने मांगी थी। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं इसलिए उन्हें बाइक देने से मना कर दिया था। इसी खुन्नस में आरोपियों ने सोमवार को हमला कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को पुलिस घायल अवस्था में लेकर आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया है। एक्स-रे रिपोर्ट में चार गोली लगने की पुष्टि हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि अंकित फौजी और रज्जन फौजी दोनों भाई हैं। दोनों भाई माधव के दोस्त हैं। अंकित और माधव हिस्ट्रीशीटर हैं। थाने में दोनों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। किस विवाद में गोली मारी गई है इसकी जांच की जा रही है।